दिल्ली, दिल्ली पुलिस के सिपाही मनीष भाटी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। शव मयूर विहार के एक पार्क में मिला है। वह अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहा था। पत्नी की हत्या का यह मामला ईस्ट दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से संबंधित था। बीते दिन परिवार में बेटी प्रियंका का अंतिम सस्कार किया था।
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने अपनी पत्नी की सर्विस पिस्टल से गोली मार दी। वारदात रविवार देर रात, महिला के जन्मदिन पर हुई। हत्या के बाद आरोपी पत्नी को सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो गया।
राह से गुजर रहे एक जोमैटो डिलीवरी बॉय ने घायल महिला को ऑटो से एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।
2022 में हुई थी दोनों की शादी
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मृतका प्रियंका (32) मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के सादोपुर गांव की रहने वाली थी। वह पति मनीष भाटी के साथ ईस्ट विनोद नगर के ई-ब्लॉक में रहती थी। दोनों की शादी फरवरी 2022 में हुई थी। मनीष दिल्ली पुलिस में सिपाही है और वर्तमान में पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉयड (एएटीएस) में तैनात है, जबकि प्रियंका अशोक विहार के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं।
स्कूटी रोककर मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात प्रियंका की तबीयत बिगड़ गई। करीब 2:55 बजे मनीष उन्हें स्कूटी से एलबीएस अस्पताल ले जा रहा था। रास्ते में मेट्रो पिलर संख्या-90 के पास दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि मनीष ने स्कूटी रोककर सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई थी वारदात
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में रात तीन बजे स्कूटी रुकती दिखाई देती है। करीब दो मिनट बाद प्रियंका सड़क पर गिरती नजर आती हैं, जबकि आरोपी वहां से भाग जाता है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
पिता बोले- दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित किया जाता था
मृतका के पिता अजीत कुमार बैसोया ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इसी कारण वह करीब आठ महीने मायके में भी रही थी। बाद में समझौते के बाद वह फिर ससुराल लौट गई थी। एसडीएम के समक्ष दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज किया है।