सरकारी धन के गबन का आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

काफी समय से चल रहा था फरार, पुलिस ने घोषित किया था इनाम
38 लाख रूपये के सरकारी धन के गबन व धोखाधड़ी का है आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी । जनपद पुलिस ने 38 लाख रूपये की सरकारी धन के गबन व धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार खांड्यूसैण भेज दिया गया है।
एसएसआई महेश रावत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जुलाई 2021 को दिल्ली की एक कंपनी के निदेशक व मालिक के खिलाफ सरकारी धन के गबन व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि स्वास्थ्य विभाग पौड़ी ने कोविड काल के दौरान जुलाई 2020 को मैसर्स अंबू स्मिथ प्रा. लि. कंपनी नई दिल्ली से 6 एंबुलेंस खरीदने का अनुबंध किया था। अनुबंध के अनुसार कंपनी को एक महीने के भीतर सभी एंबुलेंस उपलब्ध करानी थी। विभाग ने इसके लिए 11 अगस्त 2020 को कंपनी के अनुबंध का 45 लाख 70 हजार 160 रुपए की धनराशि का भुगतान भी कर दिया था। कंपनी ने विभाग को छह महीने में एक एंबुलेंस उपलब्ध कराई, और बाकि पांच एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाने को आनाकानी शुरु कर दी। विभागीय अधिकारियों ने कंपनी के निदेशक व मालिक से लगातार संपर्क कर एंबुलेंस उपलब्ध कराए जाने को लेकर दूरभाष के माध्यम से बात की, लेकिन कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद 23 जुलाई 2021 को सीएमओ कार्यालय पौड़ी के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संजय नेगी ने मामले में कंपनी मालिक व निदेशक के खिलाफ 38 लाख से अधिक लागत की पांच एंबुलेंस मामले में धोखाधड़ी को लेकर कोतवाली पौड़ी में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में कंपनी मालिक व निदेशक के खिलाफ सरकारी धन के गबन व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसएसपी पौड़ी ने आरोपी पर 2500 का इनाम भी घोषित किया था। एंबुलेंस सप्लायर कंपनी मैसर्स अंबू स्मिथ प्रा. लि. नई दिल्ली के निदेशक व मालिक रजनीश श्रीवास्तव निवासी आवास विकास कालोनी शेखपुरा अलीगंज लखनऊ को सीतापुर जिले के संदना में हरदोई रोड से गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी की अदालत में पेश करने के बाद अदालत के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार खांड्यूसैंण भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *