रेड मार्क भवनों पर रहे तो होगी कार्रवाई
चमोली। नगर पालिका के आपदा प्रभावित बहगुणानगर में प्रशासन की टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान आपदा की दृष्टि से संवेदनशील रेड मार्क भवनों में रह रहे डेढ़ दर्जन से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने के लिए कहा। साथ ही हिदायत दी कि नोटिस के बावजूद रेड मार्क के घरों में रहने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिस पर प्रभावितों ने नाराजगी जताई। यही नहीं प्रभावितों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जोशीमठ की तर्ज पर प्रभावितों का पुनर्वास और विस्थापन नहीं करता तो आंदोलन किया जाएगा।
बहुगुणानगर में दो दर्जन से अधिक आपदा प्रभावित भवन हैं। शनिवार को यहां तहसीलदार सुरेंद्र सिंह देव के नेतृत्व में प्रशासन की टीम पहुंची। बताया गया कि यहां करीब 19 परिवार अब भी संवेदनशीन मकानों में रह रहे हैं। प्रशासन की टीम ने नोटिस के बावजूद घरों में रहने पर ऐतराज जताया। जिस पर प्रभावितों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रभावितों ने कहा कि यहां मंत्रियों, नेताओं और बड़े अधिकारियों को दौरे हुए। सर्वे हुई लेकिन धरातल पर न सुरक्षा के इंतजाम हुए और पुनर्वास की व्यवस्था हुई। ऐसे में वो अपने जीवन भर की कमाई से बने घरों को नहीं छोड़ेगे। जिस पर प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसीलदार ने कहा कि प्रशासन के पास प्रभावितों को किराए पर रहने के लिए किराया उपलब्ध है। यही नहीं सरकारी भवन भी रहने के लिए उपलब्ध हैं। ऐसे में शिफ्ट नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। टीम में ईओ गुरूदीप आर्य सहित अन्य अधिकारी भी शामिल थे।