चित्रकला में मोहित, स्लोगन में आदित्य ने मारी बाजी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से जिला पंचायत सभागार पौड़ी में शनिवार को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस को लेकर सीनियर सिविल जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम की अध्यक्षता में जनजागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जी.आई.सी. पौड़ी के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता व स्लोगन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत, रूबीना रावत, निबंध प्रतियोगिता में दिव्यांशु रावत, प्रियांशी, चित्रकला प्रतियोगिता में मोहित, कार्तिक कुमार, स्लोगन प्रतियोगिता में आदित्य बिष्ट, निशा ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने तम्बाकू निषेध तथा इससे शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि आज हमारे देश में युवा वर्ग सबसे अधिक तम्बाकू सेवन और नशे की ओर बढ़ रहा है। कहा कि शिक्षण संस्थानों में बच्चे अपना भविष्य बनाने आते हैं, इसलिए बच्चों को अपने व्यक्तित्व को मजबूत करने की आवश्यकता है। कई बार बच्चे तम्बाकू व नशे जैसे दलदल में फंस जाते है, इसलिए आवश्यक है कि युवा पीढ़ी तम्बाकू और नशे जैसी चीजों के सेवन से दूर रहे। उन्होंने कहा कि बाजार में तंबाकू उत्पादक कंपनियों का काम केवल पैसा कमाना है, लेकिन छात्रों को अच्छी और बुरी चीजों में फर्क करना है। कहा कि तंबाकू या धूम्रपान से व्यक्ति स्वंय तो रोग का शिकार होता है उसके साथ ही उसके आस-पास के लोग भी इससे प्रभावित होते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने और और इसे छोड़ने की पहल प्रत्येक व्यक्ति को स्वंय से करनी चाहिए। कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से तंबाकू निषेध को लेकर समय समय पर विभिन्न स्थानों में जागरुकता कार्यक्रम संचालित किये जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि तम्बाकू सेवन हमारे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जिससे हमारे शरीर में विभिन्न प्रकार की घातक बिमारियां हो सकती हैं, इसे छोड़ने के लिए बस एक मजबूत फैसले की जरुरत है। यदि किसी व्यक्ति को तम्बाकू या नशे की लत हो गयी है तो उसे प्यार, सहयोग व सहानुभूति से उसे इस दलदल से बाहर निकाला जा सकता है। समय रहते तंबाकू से होने व दुष्प्रभाव समझें और इनसे दूर रहें। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा, उप प्रधानाचार्य आर.पी. डोबरियाल, पी.सी. जोशी, संजय असवाल एस.आई. कोतवाली पौड़ी, एन.सी.डी. कंसल्टेंट श्वेता गुसाईं, दिनेश शाह, निम्मी कुकरेती, मनमोहन देवली, आशीष रावत, दुर्गा नेगी आदि मौजूद थे।

तम्बाकू छोड़ चुके तीन व्यक्तियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में सिविल जज श्रीमती नाजिश कलीम ने कहा कि केवल एक दिन दिवस मनाने से नहीं बल्कि प्रत्येक दिन तम्बाकू उत्पादों का निषेध कर इस दिवस की परिकल्पना पूर्ण हो सकती है। तंबाकू व्यक्ति नहीं पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने मौजूद प्रतिभागियों को तम्बाकू निषेध दिवस पर शपथ दिलाने के साथ ही हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में तम्बाकू छोड़ चुके 3 व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *