सिल्ली के पास भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जनपद में विगत दिनों से हो रही वर्षा के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सिल्ली के समीप पहाड़ी से पत्थर एवं मलबा सड़क पर आ जाने तथा सड़क किनारे निर्मित सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने पर मार्ग की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए मार्ग को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील मार्ग है। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है तथा यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग को आवागमन के लिए सुचारू किया गया। वर्तमान में यातायात नियंत्रित रूप से संचालित किया जा रहा है तथा सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित स्थल से एक समय में एक वाहन को ही पार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क पर गिरे छोटे पत्थरों एवं मलबे को जेसीबी मशीनों की सहायता से तत्काल हटाया जा रहा है। वहीं, बड़े बोल्डरों को सुरक्षित ढंग से हटाने के लिए तकनीकी टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किए जा रहे कार्य तात्कालिक व्यवस्था के तहत हैं, ताकि यात्रा मार्ग पर आवागमन बाधित न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि टीएचडीसी के तकनीकी सहयोग से प्रभावित स्लोप के स्थायी संरक्षण तथा क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के सुदृढ़ीकरण के संबंध में विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए। रिपोर्ट में स्लोप प्रोटेक्शन एवं आवश्यक निर्माण कार्यों के संबंध में व्यवहारिक एवं स्थायी रणनीति का उल्लेख किया जाए, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र को सुरक्षित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस संबंध में सचिव, लोक निर्माण विभाग से भी तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग लिया जाएगा, ताकि स्थायी समाधान शीघ्र सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान सहायक अभियंता एन.एच सौरभ ढौंडियाल, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।