– सड़क, बिजली और पेयजल संबंधी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
बागेश्वर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में दिखाई दिया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देश पर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दरबार में सड़क, बिजली, पेयजल, गैस, डीजल एवं पेट्रोल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रशासन की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम के दौरान मंडलसेरा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित होने, विद्युत लाइन शिफ्टिंग, नदी गांव में पेयजल संकट तथा गिरिछीना सड़क में गड्ढों की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े इन मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त ज्वाला देवी वार्ड में ट्यूबवेल निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने के मामले में जल संस्थान एवं नगर निकाय अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं चौरा-भैरूचौबट्टा सड़क के सुधारीकरण को लेकर पीएमजीएसवाई के अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनपद स्तरीय हेल्पलाइन ‘हैलो बागेश्वर’ पर लंबित शिकायतों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत कॉलिंग कर फीडबैक प्राप्त किया जाए, ताकि शासन की जनसुनवाई व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
जनता दरबार में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया।