बागेश्वर। नशे में धुत एक बाइक चालक ने स्कूल से बच्चे को लेकर लौट रही महिला को टक्कर मार दी। इसके बाद वह विपरीत दिशा से आ रही कार से भी भिड़ गया। हादसे में बाइक चालक घायल हो गया और उसकी नाक से रक्तस्राव होने लगा। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। तहसील रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। सोमवार को बाइक संख्या यूके02-एके-0139 के चालक ने तहसील रोड निवासी दीपा देवी को टक्कर मार दी। वह अपने बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। हादसे में उनके हाथ में चोट आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चला रहा था। महिला को टक्कर मारने के बाद वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही कार से जा भिड़ा। हादसे में कार के दाहिने हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान बाइक चालक के बैग से शराब की बोतल भी सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि बाइक चालक वाहन छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे रोक लिया। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी बाइक चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने बाइक को सीज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।