कोलकाता,। बंगाल भाजपा के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने राज्य में तोड़फोड़ और चुनाव बाद हिंसा पर कहा कि, प्रशासन कोई रंग व जातपात का भेद नहीं रखें और हिंसा व अराजकता में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। लेकिन बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद जगह-जगह अब तृणमूल के नेता कर्मियों से लेकर उनके घरों व पार्टी कार्यालय में हमले जारी है। दक्षिण 24 परगना के कुलतली में चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पेटकुलचंद इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करने के आरोप तृणमूल कांग्रेस समर्थित उपद्रवियों पर लगे हैं। आरोप है कि बुधवार रात जब कार्यकर्ता मोटरसाइकिल से लौट रहे थे, तो उनका रास्ता रोक लिया गया और उन्हें लाठियों तथा लोहे की छड़ों से बेरहमी से पीटा गया। बीरभूम जिले के नानूर में में कथित तौर पर तृणमूल के एक कार्यकर्ता की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अबीर शेख के रूप में हुई है। उसके परिवार के अनुसार, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने अबीर को सड़क पर अकेला पाया, तो उन्होंने उसे घेर लिया और धारदार हथियारों से उसकी हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। इलाके में राजनीतिक तनातन जारी है। वहीं हावड़ा के उदय नारायणपुर में भाजपा के एक कार्यकर्ता-समर्थक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगे हैं। मृतक की पहचान यादव बार (48) के रूप में हुई है। उनके परिवार का दावा है कि यादव भाजपा के समर्थक थे। जैसे ही चुनाव के नतीजे साफ़ हुए, वे जीत का जश्न मनाने के लिए दूसरों के साथ शामिल हो गए और एक विजय जुलूस में भी हिस्सा लिया। आरोप है कि रात करीब 11:00 बजे, कुछ लोगों के एक समूह ने यादव को उनके घर के पास से अगवा कर लिया। इसके बाद उन्हें बेरहमी से पीटा गया, और यह भी आरोप है कि उन पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। खबर मिलते ही, परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत उदय नारायणपुर अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ये आरोप सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस पर लगाए जा रहे हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चम्पाहाटी स्थित पंचायत कार्यालय में तनाव भड़क उठा। आरोप है कि आज सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांस की बैरिकेडिंग लगाकर और पार्टी के झंडे गाड़कर कार्यालय को कब्जा कर लिया। हालांकि, भाजपा ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। बारुईपुर पूर्व विधानसभा के ही फुलतला में तृणमूल पार्टी कार्यालय में भाजपा के लोगों द्वारा तोड़फोड़ करने का आरोप है। आरोप है कि सीताकुंड क्रॉसिंग पर स्थित इस कार्यालय पर हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई, जिसके बाद वहां भजापा के झंडे लगा दिए गए। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब के अपने ही वार्ड में तृणमूल कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप सामने आए हैं। विशेष रूप से, यह आरोप लगाया गया है कि कुछ घुसपैठिए उनके पार्टी कार्यालय जो वार्ड नंबर 33, यानी गौतम के अपने ही वार्ड में स्थित है में जबरन घुस आए और जमकर तोड़फोड़ की। नदिया जिले के कृष्णानगर में बदकुल्ला चौराहा इलाका राजनीतिक झड़पों और आगजनी की घटनाओं के बाद रणक्षेत्र में बदल गया। यहां नेशनल हाईवे 12 के किनारे स्थित तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय पर भाजपा का झंडा लगा कर कब्जा कर आगजनी की गई। बहरहाल जो भी हो लेकिन बांकुड़ा में भी टीएमसी दफ़्तर पर हमलो की घटना घटी है। वहीं महेशतल्ला के वार्ड एक से लेकर उत्तर व दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, गार्डेनरीच, खिदिरपुर, सोनारपुर सहित तमाम जगहों पर तोड़फोड़ वा मारपीट से लेकर पार्टी कार्यालयों पर कब्जे की खबर है।