नईदिल्ली, देश के कई हिस्सों में अंधड़-बारिश के बीच अब गर्मी ने फिर से जोर पकड़ लिया है। लू का प्रकोप शुरू हो गया है। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया और गर्मी से बचाव के लिए सड़कों पर पानी की फुहारें छोड़ी गई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर भारत में गर्मी और तेज होने के साथ अंधड़-बारिश का अलर्ट जारी किया है।दिल्ली समेत एनसीआर में 17 मई को भीषण गर्मी के साथ शाम के समय धूल भरी आंधी चलने, बिजली कड़कने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ रहा है। बांदा में तापमान 44.8 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं दक्षिण हिस्से में लू चलने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने सीकर, हनुमानगढ़, जालोर, सिरोही समेत 8 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। बिहार में भारी बारिश और आंधी चलने की चेतावनी दी है। यहां 22 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में कुछ जगह बादल बरस सकते हैं।
उत्तराखंड में आज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, वहीं हिमाचल प्रदेश में अगले 2 दिनों तक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्य- नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है, वहीं अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरलम में भी 20 मई तक मौसम खराब रहेगा।