8 जून तक उत्तराखंड में कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के मौसम इस हफ्ते लगातार उलटफेर देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने इस हफ्ते 8 जून तक कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ने की चेतावनी दी है। खासतौर पर 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। कुछ जगहों पर इसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। उत्तराखंड के मैदानी जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 3 जून को उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। इसको लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। ऊंची चोटियों पर हिमपात की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने 4 और 5 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई। कुछ जगहों पर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंची चोटियों पर बर्फबारी या बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तराखंड के मैदानी जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज चमक के साथ बहुत हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। कुछ जगहों पर मौसम खराब रहने के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने 6 जून को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। उत्तराखंड के अन्य जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 जून को भी सूबे के कुछ हिस्सों में मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 8 जून को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी जाएगी लेकिन इसके बाद के इसमें कोई बड़ा उलटफेर नही नजर आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *