गोपेश्वर। जिलाधिकारी ने सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में लोगों की विभिन्न शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी एक शिकायत पर डीएम ने सभी एसडीएम को निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम आवास योजना के सर्वेक्षण में पहले तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से अलग टीम बनाकर जांच कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जांच की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि योजना के तहत कोई भी पात्र लाभार्थी लाभ से वंचित न रहे। जनता मिलन में किमाणा-जखोला क्षेत्र के ग्रामीणों ने जीआईसी जखोला में शिक्षकों की कमी, गैस सिलिंडर की उपलब्धता और मोबाइल नेटवर्क की समस्या उठाई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा, घरों के पास से गुजर रही विद्युत लाइन, पैदल मार्ग सहित अन्य जनसमस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।