पौधा रोपण के साथ उनके संरक्षण पर भी देना होगा ध्यान : ऋतु

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हरेला पर्व के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल पौधे लगाने का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है, तभी पौधरोपण अभियान सार्थक होगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला प्रकृति, संस्कृति और पर्यावरण के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। वृक्ष जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित ग्राफ्टिंग (कलमबंदी) कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से तैयार उन्नत किस्म के फलदार पौधे किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने उद्यान विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और कृषि विकास को साथ लेकर चलने वाले ऐसे प्रयास राज्य के सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उधर, लैंसडौन वन प्रभाग और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली भाबर मंडल भाजपा के संयुक्त तत्वावधान में मालन नदी तट स्थित मालन खाम में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने शीशम का पौधा रोपित किया। वन विभाग ने इस अभियान के तहत 250 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिनमें शीशम, नीम, पीपल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक सुशांत कुमार पटनायक, प्रभागीय वनाधिकारी जीवन मोहन, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद जेपी ध्यानी, कुंजबिहारी भट्ट, दीपक पाठक, भास्कर बडोला, अरविंद शर्मा, डॉ. प्रशांत राठौर, अंकिता भट्ट, ज्योति जखमोला, बबीता सिंह, गणेश कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *