प्रतियोगिता में मयंक, सोनाली व खुशी रही अव्वल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शांति वल्लभ मेमोरियल इंटर कॉलेज, मानपुर में हरेला पर्व उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें मयंक, सोनाली व खुशी ने अव्वल स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. बीबी.एस. रावत एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य बरूण कुमार भदोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधानाचार्य ने हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. रावत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वृक्षारोपण के साथ उनकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। इस अवसर पर विद्यालय में ग्रीन अर्थ, क्लीन अर्थ, चित्रकला, पोस्टर, पेंटिंग, ड्राइंग तथा सेव मदर नेचर विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में प्राथमिक वर्ग में मयंक रावत प्रथम, सुमैया द्वितीय एवं अंशिका तृतीय रहे। उच्च प्राथमिक वर्ग में सोनाली प्रथम, लाइबा द्वितीय एवं अयान तृतीय स्थान पर रहे। वहीं वरिष्ठ वर्ग में खुशी ने प्रथम, रक्षिता ने द्वितीय तथा निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मंच संचालन कमलेश सिंह रावत एवं मधुमिता जखमोला ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *