जिला अस्पताल मार्ग पर अव्यवस्थित यातायात से फंस रही एंबुलेंस

Spread the love

उत्तरकाशी। विश्वनाथ चौक स्थित निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर के सामने से जिला चिकित्सालय को जाने वाला मुख्य मार्ग अव्यवस्थित यातायात और अवैध पार्किंग फिर मुसीबत बनने लगी है। मार्ग पर आए दिन लगने वाले जाम से आम राहगीरों के साथ-साथ मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो जाता है और कई बार पूरी तरह बाधित हो जाता है। कुछ वर्ष पूर्व यहां से अस्थायी खोके और अतिक्रमण हटाकर मार्ग को खाली कराया गया था लेकिन अब उसी स्थान पर फिर से अवैध पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो गई है। पालिका सभासद अमरीकन पुरी का कहना है कि यह मार्ग जिला चिकित्सालय और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर सेंटर दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। भविष्य में सेंटर के संचालन के बाद यहां एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं की आवाजाही और बढ़ने की संभावना है जिससे समस्या और बढ़ सकती है। यदि किसी गंभीर मरीज को केवल जाम के कारण समय पर उपचार नहीं मिल पाया तो यह प्रशासनिक लापरवाही होगी। लोगों ने मांग की है कि मार्ग को तत्काल नो-पार्किंग जोन घोषित किया जाए और नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए। साथ ही अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त चालान और टोइंग कार्रवाई हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *