मेरिका-ईरान तनाव: डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम बढ़ाया, लेकिन नाकेबंदी जारी रहेगी

Spread the love

वाशिंगटन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्धविराम को बढ़ाने का फैसला किया है, लेकिन सैन्य नाकेबंदी जारी रखी है। उन्होंने कहा कि यह कदम पाकिस्तान के नेतृत्व के अनुरोध को देखते हुए उठाया गया है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान को बातचीत के लिए समय देने के उद्देश्य से हमले को टाल दिया है। हालांकि, अमेरिकी सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ट्रंप ने बताया कि यह फैसला पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अपील के बाद लिया गया। दोनों नेताओं ने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई रोकने और बातचीत को मौका देने का अनुरोध किया था। शहबाज ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस फैसले का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि दोनों पक्ष युद्धविराम का सम्मान करेंगे और इस्लामाबाद में प्रस्तावित बातचीत के जरिए स्थायी शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
ट्रंप ने कहा, “पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर, ईरान पर हमले को तब तक रोका गया है, जब तक उनके नेता और प्रतिनिधि एक संयुक्त प्रस्ताव लेकर नहीं आते। इसलिए मैंने अपनी सेना को नाकेबंदी जारी रखने और पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है। साथ ही, मैं युद्धविराम को तब तक बढ़ा रहा हूं, जब तक उनका प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किया जाता और बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच जाती।”
युद्धविराम बढ़ा दिया गया है, लेकिन अमेरिका ने ईरान के खिलाफ नाकेबंदी जारी रखी है, खासकर होरमुज जलडमरूमध्य के आसपास। इस नाकेबंदी से व्यापार पर असर पड़ा है और यह बातचीत में बड़ी बाधा बनी हुई है। हाल ही में अमेरिका द्वारा एक ईरानी मालवाहक जहाज को जब्त करने की खबर के बाद तनाव और बढ़ गया है। ईरान ने इस कार्रवाई पर जवाबी कदम उठाने की चेतावनी भी दी है।
ट्रंप की इस घोषणा ने बाद ईरान ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ट्रंप ने भी युद्धविराम बढ़ाने के लिए कोई तय समयसीमा नहीं बताई है। बता दें कि इससे पहले 8 अप्रैल को ट्रंप ने 2 हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा की थी, जो बुधवार, 22 अप्रैल को समाप्त होने वाला था।
सूत्रों ने बताया कि ईरान का आधिकारिक रुख जल्द सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *