ईमानदारी की मिसाल : बुजुर्ग ने सड़क पर मिला पर्स मालिक को लौटाया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : ईमानदारी की एक ऐसी मिसाल देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। आज के दौर में जहां खोई हुई वस्तु के वापस मिलने की उम्मीद बेहद कम रह गई है, वहीं एक वृद्ध ने ईमानदारी की मिसाल कायम कर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है। थलीसैंण ब्लॉक के अन्तर्गत कन्नूर बैंड पर एक वृद्ध को रूपयों से भरा पर्स पड़ा मिला। वह पर्स लेकर थाने पहुंच गए। पर्स के असील मालिक की पुष्टि होने से वृद्ध ने पुलिस की मौजूदगी में पर्स लौटा दिया।
आज के दौर में जहां चंद पैसों के लिए कुछ लोगों का ईमान डोल जाता है, वहीं हयात सिंह पुत्र स्वर्गीय इंद्र सिंह उम्र 74 वर्ष निवासी ग्राम कन्नूर ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। पुलिस के अनुसार गत तीन जून को महेद्र कुमार पौड़ी गढ़वाल से अपने बच्चों के साथ थलीसैंण घूमने आये है। इसी दौरान कन्नूर बैंड पर उनका पर्स कहीं छूट गया था, जो कि वृद्ध हयात सिंह को मिला। काफी खोजबीन के बाद पर्स स्वामी का पता लगा। थाना थलीसैंण में पुलिस की मौजूदगी में पर्स स्वामी को दिया गया। जिसमें सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी कुंडल और 10 हजार रूपये तथा एटीएम कार्ड मौजूद थे। पर्स स्वामी ने हयात सिंह का आभार जताया। वहीं क्षेत्र के लोग बुजुर्ग की ईमानदारी की प्रशंसा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *