आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों की अनदेखी नहीं होगी बर्दाश्त
एक सूत्रीय मांग को लेकर छठवें दिन भी जारी रहा आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों का धरना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। मानदेय बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/ मिनी कार्यकत्री संगठन का धरना सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा। संगठन ने मांगे पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री/ मिनी कार्यकत्री संगठन के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकत्री कोटद्वार तहसील परिसर में एकत्रित हुई। यहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यर्तियों ने प्रदेश सरकार पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाया। दुगड्डा ब्लॉक अध्यक्ष ऊषा गोस्वामी ने कहा कि आंगनबाड़ी से जुड़ी महिलाएं पूरी ईमानदारी के साथ अपने कार्यो का निर्वहन कर रही हैं। बावजूद इसके सरकार उनकी ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने उन्हें मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया था। बकायदा सरकान ने उनकी मांगों को कैबिनेट में भी रखने की बात कही थी, लेकिन कई माह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। कहा कि जब तक सरकार उनकी मांग को लेकर सकारात्मकता नहीं दिखाती उनका धरना जारी रहेगा। इस मौके पर मंजू देवी, देवेश्वरी नेगी, कमलेश्वरी देवी, संपति, सुनीता, अरूणा देवी, अनीता बिष्ट, संगीता, शर्मिला देवी, ज्योति देवी, भावना, राखी भण्डारी, रश्मि पाठक, अनीशा देवी, शोभा देवी, मधु देवी, मीना कुकरेती, पुष्पा देवी, रचना देवी, आदि उपस्थित थे।
:1