रुद्रपुर। खटीमा एवं सितारगंज के खण्ड शिक्षा अधिकारियों के साथ हुई अभद्रता की घटना को लेकर शिक्षा विभाग में आक्रोश व्याप्त है। विरोध स्वरूप एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि खण्ड शिक्षा अधिकारियों के साथ की गई अभद्रता न केवल एक अधिकारी का अपमान है, बल्कि पूरे शिक्षा विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है। ऐसी घटनाएं विभागीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करती हैं और कर्मचारियों के मनोबल को भी प्रभावित करती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अमरदीप सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन जोशी, धीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, रविन्द्र कुमार पांडेय, विनोद कुमार, रवि राज साह, हरेंद्र कपकोटी समेत कई सदस्य मौजूद रहे।