रुद्रपुर। बाहर सूत्रीय मांगों को लेकर फर्टिलाइजर्स एंड पेस्टीसाइड्स एसोसिऐशन ने एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन प्रेषित कर एक महीने में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बंद करने की चेतावनी दी। सोमवार को जय किसान सेवा केंद्र के स्वामी व उत्तराखंड फर्टिलाइजर्स एंड पेस्टीसाइड्स एसोसिऐशन के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लाल खुराना ने बताया कि एग्रो इनपुट डीलर्स एसोसिएशन खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का रजिस्टर्ड संगठन पांच लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है। पिछले 10 साल से समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर व्यापारी सोमवार को 12 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन की सांकेतिक हड़ताल पर है। एसोसिएशन ने सब्सिडी वाले खाद के साथ अनुपयोगी उत्पादों की जबरन लिंकिंग को अपराध घोषित करने के साथ ही यूपी सरकार की तर्ज पर पूरे देश में अनुदानित उर्वरक के साथ गैर-अनुदानित उत्पाद बेचने की बाध्यता पर रोक लगाने की मांग की है। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि खाद की डिलीवरी रेल-हेड़ पर दी जा रही है। जिससे डीलरों को प्रति बैग 40 से 50 रुपये का अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने खाद की डिलवरी बिक्री केंद्र तक देने और महंगाई को देखते हुए उर्वरकों पर डीलर मार्जिन को बढ़ाकर आठ प्रतिशत करने की मांग की है। एसोसिएशन ने अवैध बीजों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। एसोसिएशन के अनुसार विक्रता जिला कृषि अधिकारी से प्राप्त लाइसेंस के आधार पर केवल सीलबंद माल बेचता है। खाद, बीज एवं कीटनाशक के सीलबंद पैकिंग में नमूना फेल होने पर विक्रेता को अपराधी न बनाकर गवाह माना जाए। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लाल खुराना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नाम ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण के लिए उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय के साथ केंद्रीय कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि एक महीने में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर वह खरीफ सीजन से निश्चितकालीन बंद करेंगे।