डोल आश्रम के पास जंगल में लगी आग पर पाया काबू

Spread the love

अल्मोड़ा। डोल आश्रम के समीप जंगल में लगी आग पर सोमवार को पुलिस और फायर टीम की तत्परता से समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। जानकारी के अनुसार जंगल क्षेत्र में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। वहीं फायर स्टेशन अल्मोड़ा से भी अग्निशमन कर्मियों की टीम आवश्यक उपकरणों और फायर यूनिट वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पुलिस और फायर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस टीम ने पारंपरिक तरीके से आग को पीट-पीटकर नियंत्रित किया, जबकि फायर यूनिट ने होज लाइन बिछाकर पंपिंग के जरिए प्रभावी ढंग से आग पर काबू पाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग करते हुए पुलिस और फायर टीम के साथ मिलकर आग बुझाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *