जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से अंकिता के माता-पिता न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मामले में सीबीआई जांच की अंतिम रिपोर्ट आने से पहले ही कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास किए जाने का आरोप भी लगाया।

गुरुवार को कोटद्वार स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व मंत्री नेगी ने दिल्ली के इंडिया गेट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता को गिरफ्तार किए जाने की घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में उनकी आवाज सुनने के बजाय उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना उचित नहीं है। सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की ओर से मामले की सीबीआई जांच कराई जा रही है, लेकिन जांच की अंतिम रिपोर्ट आने से पहले ही भाजपा पर कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने हत्याकांड से जुड़े रिसॉर्ट के उस कमरे को ध्वस्त किए जाने का मुद्दा भी उठाया, जहां अंकिता भंडारी कार्यरत थीं। उन्होंने मांग की कि कमरे को ध्वस्त करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके। पूर्व मंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें अंकिता के माता-पिता को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिए जाने की बात कही गई थी। नेगी ने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने सरकार से कभी आर्थिक सहायता की मांग नहीं की, बल्कि वे अपनी बेटी के लिए न्याय चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कथित वीआईपी का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड के संदर्भ में सामने आया है, उसे पदोन्नत कर राज्यपाल बनाया गया। उन्होंने इसे उत्तराखंड की नारी शक्ति के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि मामले में उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। नेगी ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल उसके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का विषय है। कांग्रेस इस मामले में न्याय की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल, संजय मित्तल, धीरेंद्र सिंह बिष्ट और विजय रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।