जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से जुट जाना चाहिए। निरंतर प्रयास करने वालों को एक दिन सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।

कोटद्वार स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। देश का भविष्य युवाओं की प्रतिभा, सोच और कार्यक्षमता पर निर्भर करता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, सकारात्मक सोच, नवाचार और समाज के प्रति प्रतिबद्धता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम योगदान देगी। कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत महाविद्यालय में निबंध, पोस्टर, भाषण, संगोष्ठी प्रस्तुतिकरण और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विचारों का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी, कार्यक्रम संयोजक प्रो. अरविंद अवस्थी, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. बीसी शाह और डॉ. निरंजना शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।