जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में गुरुवार को हुई वर्षा के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट महसूस होने लगी है और लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों ने अब गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

गुरुवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। आसमान में घने बादल छाये हुए थे। लगभग दस बजे अचानक वर्षा होने लगी। करीब साढ़े बारह बजे तक रूक-रूककर बारिश का दौर जारी रहा। अचानक बदले मौसम के चलते लोगों ने हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। दोपहर बाद वर्षा थमने के बाद कई लोग गर्म कपड़े पहने हुए नजर आए। लोगों का कहना है कि वर्षा के बाद मौसम पहले की अपेक्षा ठंडा हो गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने पर ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, वर्षा के बाद बदले मौसम ने लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिला दी है और धीरे-धीरे सर्दियों की तैयारी भी शुरू होने लगी है।