एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई, अहमदाबाद नगर निगम के 2 अधिकारियों को घूस लेते किया गिरफ्तार

अहमदाबाद , गुजरात में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के दो रिश्वतखोर अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। शिकायत के आधार पर एसीबी ने छापा मार कर इन दोनों में से एक के घर से लाखों रुपए बरामद किए।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अहमदाबाद नगर निगम के असिस्टेंट टाउन प्लानर हर्षद भोजक और इंजीनियर आशीष पटेल को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा एसीबी को फ्री हैंड दिए जाने के बाद की गई है, जिससे एसीबी ने रिश्वतखोर अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ अपनी सक्रियता और बढ़ा दी है।
एसीबी ने रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने के बाद हर्षद भोजक के आवास पर भी छापेमारी की। हर्षद भोजक के घर से 73 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये का सोना जब्त किया। यह एसीबी की ओर से की गई एक बड़ी कार्रवाई है, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध धन और संपत्ति का खुलासा हुआ है।
बता दें, गुजरात में एसीबी की कमान हरियाणा के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी डॉ. शमशेर सिंह के पास है, जो राज्य के डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर भी हैं। राज्य सरकार ने उन्हें दूसरी बार एंटी करप्शन ब्यूरो की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले भी उन्होंने भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कड़ा संदेश दिया था। इससे पहले भी एसीबी ने राजकोट अग्निकांड में नगर निगम के टीपीओ की करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा किया था।
00

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *