प्रवेश के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : इग्नू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए नवीन प्रवेश एवं पुन: पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई तक कर दी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने रोजगारपरक एवं कौशल-आधारित स्नातक पाठ्यक्रम बैचलर ऑफ रूरल स्टडीज (बीएफआरएस) भी शुरू किया है।
इग्नू अध्ययन केंद्र एचएनबी गढ़वाल विवि के समन्वयक डॉ. प्रशांत कंडारी ने बताया कि बीएफआरएस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्रामीण विकास, पंचायती राज, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ग्रामीण आजीविका जैसे विषयों का व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी ज्ञान उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10+2 या समकक्ष है। कार्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में संचालित होगा। इसकी न्यूनतम अवधि तीन वर्ष तथा अधिकतम अवधि छह वर्ष है। वार्षिक शुल्क 5 हजार रुपये होगा और परीक्षा प्रणाली वार्षिक रहेगी। डॉ. कंडारी ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश या पुन: पंजीकरण नहीं कराया है उनके लिए यह अंतिम अवसर है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से 31 जुलाई तक प्रवेश अथवा पुन: पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *