श्रीनगर गढ़वाल : आर्यन छात्र संगठन ने देहरादून स्थित एक नर्सिंग होम में चिकित्सकों की लापरवाही के कारण हुई जच्चा-बच्चा मौत के प्रकरण में चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। जीएमवीएन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में आर्यन छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय बिष्ट ने कहा कि यदि सरकार व प्रशासन के स्तर से इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती तो आर्यन छात्र संगठन उग्र आंदोलन करेगा।
सतेंद्र बिष्ट ने भी अपनी पत्नी के उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में प्राप्त जांच समिति की रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए आरोप लगाया है कि रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों की अनदेखी की गई है। आर्यन छात्र संगठन ने कहा कि पूर्व जांच रिपोर्ट को निरस्त कर मामले की स्वतंत्र जांच उच्चस्तरीय मेडिकल बोर्ड से पुन: कराई जाए। प्रकरण को उत्तराखंड मेडिकल काउंसिल की एथिक्स कमेटी को भेजकर चिकित्सकीय लापरवाही और नियमों के उल्लंघन की जांच कराई जाए तथा अस्पताल के दस्तावेजों का फोरेंसिक ऑडिट भी कराया जाए। (एजेंसी)