जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं ने डेंगू सर्वे के लिए मिलने वाले मानदेय को बेहद कम बताते हुए इसे बढ़ाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूरे माह घर-घर जाकर डेंगू सर्वे और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद उन्हें मात्र 200 रूपये प्रतिमाह का भुगतान किया जा रहा है, जो उनकी मेहनत के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मानदेय बढ़ाकर 2,000 रूपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की।
सोमवार को ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा चौधरी के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंची और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि डेंगू सर्वे के तहत उन्हें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना पड़ता है। इसके लिए प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 6 बजे तक सर्वे कार्य करना निर्धारित है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि तय समय के अनुसार लगातार मेहनत करने के बावजूद उन्हें केवल 200 रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में बेहद अपर्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि डेंगू सर्वे के लिए दिए जाने वाले मानदेय को बढ़ाकर 2,000 रूपये प्रतिमाह किया जाए। इस दौरान मीरा नेगी, रंजना कोटनाला, नीलम कुकरेती, प्रमिला गुसाईं, ज्योति रावत, सीमा देवी सहित अन्य आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।