जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में निकाले गए भाजपा के मशाल जुलूस के दौरान रविवार रात दुर्गापुरी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जुलूस के दौरान एक कार्यकर्ता के हाथ में पकड़ी मशाल की हांडी अचानक टूट गई, जिससे आग की तेज लपटें उठने लगीं। उसी समय सड़क से गुजर रहे दो बाइक सवार युवक लपटों की चपेट में आ गए। उनकी टी-शर्ट में आग लग गई, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए दोनों ने तुरंत बाइक रोककर अपने कपड़े उतार दिए। इससे बड़ा हादसा टल गया।
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भाबर क्षेत्र के दुर्गापुरी में भाजपा की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया था। भारत माता के जयघोष के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में मशाल लेकर चल रहे थे। इसी दौरान एक कार्यकर्ता की मशाल की हांडी टूट गई और उसमें भरा ज्वलनशील पदार्थ सड़क पर फैलते ही आग भड़क उठी। आग की चपेट में आए दोनों बाइक सवारों की टी-शर्ट जल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने में मदद की। घटना में दोनों युवकों को मामूली झुलसन आई और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संबंधित कार्यकर्ता की मशाल काफी देर से असंतुलित होकर हिल रही थी, लेकिन उसे समय रहते संभाला नहीं जा सका। लोगों का कहना है कि यदि आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जाता तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।