काशीपुर। पशु चराने गई 75 वर्षीय वृद्धा से एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। दुष्कर्म में सफल न होने पर आरोपी ने वृद्धा को मारपीट कर घायल कर दिया। वृद्धा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार दोपहर को ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी वृद्धा अपने पशुओं को दादू वाला नहर के पास चराने गई थी। आरोप है कि उसी समय व्यक्ति ने वृद्धा से दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर व्यक्ति ने वृद्धा के साथ मारपीट की। गांव की महिलाएं जब घास काटने खेत की तरफ जा रही थी तो उन्होंने वृद्धा को घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसकी सूचना महिलाओं ने घायल के परिजन को दी। परिजनों ने घायल को काशीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।