हल्द्वानी। राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ ने 7 सूत्री मांगों को लेकर सोमवार से क्रमवद्ध आंदोलन की घोषणा की है। मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी गई है। आंदोलन के पहले चरण में 8 से 10 जून को काली पट्टी बांध कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराते हुए ओपीडी का संचालन करेंगे। 11 व 12 जून को आधे दिन ओपीडी और 13 जून से ओपीडी बंद करते हुए 50 बेड वाले आयुष अस्पताल में धरना प्रदर्शन किया जाएगा
ये हैं प्रमुख मांगें:
चिकित्सा संवर्ग के लिए विभागीय निदेशक की नियुक्ति, एआरसी समयबद्ध पूर्ण कर एसीपी-एमएसीपी लाभ देने, डीएसीपी लाभ लागू किए जाने, विभागीय ढांचे के पुनर्गठन एवं पदोन्नति अवसर बढ़ाने, चिकित्सा अधिकारी संवर्ग को सेवा अवधि के दौरान स्नातकोत्तर पाठयक्रमों के लिए 3 वर्ष व पूर्ण वेतन और अध्यन अवकाश देने, वर्ष 2024 बैच के चिकित्साधिकारियों के स्थायीकरण करने व मोबाइल एप अधारित उपस्थिति एवं आधार आधारित बायोमेट्रिक्स व्यवस्था से उत्पन समस्याओं का निराकरण। संघ के महासचिव डॉ. हरेदव सिंह रावत ने बताया कि संगठन अपनी मांगों को शासने के सामने कई बार उठा चुका है, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के चलते क्रमवद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया है।