कब सुधरेगा शहीद सुरेश तोमर मोटर मार्ग का हाल

Spread the love

विकासनगर। ब्लॉक के अंतर्गत शहीद सुरेश तोमर मोटर मार्ग की सुध लेने को कोई तैयार नहीं है। करीब एक हजार से ज्यादा की आबादी को जोड़ने वाली इस सड़क की हालत खस्ता बनी हुई। जगह-जगह पर मलबा पड़ा हुआ है। मार्ग पर कई जगह सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हैं। सड़क पर बने स्क्रबर कई जगह टूटे हुए हैं। स्थानीय निवासी आलम सिंह, चैन सिंह, अशोक तोमर, दिनेश तोमर, कमलेश पंवार, संजय सिंह ने बताया कि बरसात में मार्ग के बंद होने से 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी नापकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण इस मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कई बार कर चुके हैं लेकिन कोई भी मार्ग की सुध लेने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहीद के नाम पर बने मार्ग की ही सरकार सुध नहीं ले रही है तो और अन्य मार्गों की हालत कैसी होगी, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मार्ग की हालत खराब है। बरसात में मार्ग पर बोल्डर, मलबा आ जाता है। इससे मोटर मार्ग बंद हो जाता है। क्षेत्रवासियों को बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी उठानी पड़ती है। फसलें समय से मंडी नहीं पहुंच पाती है। इस कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। बताया कि वर्तमान में भी मार्ग कई जगह मलबा आने से बंद है। इस कारण उन्हें 25 किमी अतिरिक्त दूरी नापकर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही मार्ग की हालत नहीं सुधारी गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *