विकासनगर। जेठ माह के चौथे इतवार को भी इंद्रोली और जाड़ी स्थित मां काली के मंदिर में माता के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। शुभ माह माने जाने वाले अंतिम इतवार को जौनसार बावर समेत रवाईं, जौनपुर, हिमाचल व गढ़वाल के लोगों ने बड़ी संख्या में काली माता के दर्शन कर मन्नतें मांगी। मंदिर समिति द्वारा आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद चखा। चकराता के इंद्रोली व जाड़ी गांव में जौनसार बावर की इष्ट देवी मां काली के पौराणिक मंदिर है। जिसमें लोगो की आपार आस्था जुड़ी हुई है। वैसे तो जेठ के पूरे माह यहां लोग दर्शन करने पहुंचते है। लेकिन जेठ माह में आने इन चार इतवारों को मंदिर में माथा टेकने की विशेष महत्ता मानी गयी है। जेठ माह के पहले इतवार से शुरू होने वाली इस यात्रा में हर इतवार को मंदिर में लोगो की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार शाम से ही भक्तों का इंद्रोली गांव में आना शुरू हो गया था। यहां पहुंचे भक्तों ने भजन कीर्तन कर मां का गुणगान किया। रविवार दोपहर होते होते हज़ारो की संख्या में भक्त मंदिर में दर्शन करने पहुंचे व माता के भक्तों ने कतारों में लग कर मत्था टेक अपनी व परिवार की सुख समृद्धि की मन्नतें मांगी। माह के अंतिम इतवार को बड़ी संख्या में भक्तों ने मां के दर्शन करे। मंदिर समिति ने भंडारा दिया जिसमें हज़ारो की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मौके पर पुजारी प्रेम जोशी, मंदिर के वजीर टीकम सिंह, भंडारी खजान सिंह, ठाणी केशर सिंह, देव माली कुंवर सिंह, अरविंद, अतर सिंह आदि मौजूद रहे।