कोटद्वार-पौड़ी

बाबू जी धीरे चलना जरा संभलना, बड़े गड्ढे हैं इन राहों में

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत वार्डों में बदहाल पड़ी है सड़कें
क्षेत्र की बदहाल सड़कों पर आए दिन हो रही दुर्घटनाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : यदि आप कोटद्वार शहर की सड़कों में आवाजाही कर रहे हैं तो जरा संभलकर चलना, नहीं तो आपको मुंह की खानी पड़ सकती है। दरअसल, नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में बदहाल पड़ी सड़कें दोपहिया वाहन चालकों की कमर तोड़ रही है। शिकायत के बाद भी नगर निगम व लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत करवाने की सुध नहीं ले रहा है। जबकि, पूर्व में क्षेत्रवासी कई बार सड़क मरम्मत करने की मांग उठा चुके हैं।
नगर निगम क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा वार्डों हो जहां आपकों बदहाल सड़कें न दिखाई दें। सड़कों पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। शनिवार शाम मालगोदाम रोड पर बने गड्ढे की चपेट में आने से एक स्कूटी सवार घायल हो गया था। स्थानीय निवासी सतीश चंद्र, महेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत के लिए वह कई बार नगर निगम को पत्र दे चुके हैं। लेकिन, अब तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं पहुंचा। कुछ माह पूर्व भाबर क्षेत्र के पार्षदों ने भी नगर निगम व लोक निर्माण विभाग से सड़क मरम्मत की मांग उठाई थी। सबसे बुरी स्थिति महाविद्यालय रोड, शिवपुर रोड, मालगौदाम-कुंभीचौड़ मार्ग, गोविंद नगर सहित भाबर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बनी हुई है।

सड़क पर बह रही गंदगी
वार्डों में सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए बनी नालियां भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। शिवपुर व जौनपुर क्षेत्र में घरों की गदंगी सड़क पर बह रही है। जगह-जगह गड्ढों में जमा गंदे पानी से आसपास के परिवारों को संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। दुर्गंध के कारण व्यापारियों का अपने प्रतिष्ठानों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से सड़क किनारे क्षतिग्रस्त नालियों की भी मरम्मत करवाने की मांग की है।

अंधेरे में सबसे अधिक खतरा
रात के अंधेरे में सड़कों पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। नतीजा हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। यह गड्ढे कई बार राहचलते लोगों को भी चोटिल कर देते हैं। समस्या बरसात के दौरान और अधिक बिगड़ जाती है। आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने नगर निगम व लोकनिर्माण विभाग से बरसात से पूर्व सड़कों की मरम्मत करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!