बौराड़ी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण बंद

Spread the love

नई टिहरी। बौराड़ी स्टेडियम में 71 लाख की लागत से निर्माणाधीन बैडमिंटन कोर्ट का कार्य विरोध के चलते अधर में लटक गया। कुछ लोगों की आपत्ति के बाद पिछले एक सप्ताह से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल ने दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी। समिति को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समिति को बैडमिंटन कोर्ट के लिए आसपास भूमि की पड़ताल करने को कहा गया है। युवा कल्याण विभाग की पहल पर बौराड़ी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। बीते 27 मई को इसका शिलान्यास हुआ था। निर्माण की जिम्मेदारी लघु सिंचाई विभाग को दी गई है, जिसे नौ माह के भीतर कार्य पूरा करना था लेकिन अब विरोध के चलते निर्माण कार्य रुक गया है।
बौराड़ी स्टेडियम बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक असद आलम ने डीएम को ज्ञापन देकर निर्माण स्थल पर आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जिला मुख्यालय का बौराड़ी स्टेडियम खेल गतिविधियों के लिए एकमात्र बड़ा मैदान है। यहां शिक्षा विभाग की खेल प्रतियोगिताओं के अलावा क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते हैं।
ऐसे में स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट बनने से मैदान का क्षेत्रफल कम हो जाएगा। बड़े आयोजनों में दिक्कत आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *