मानसून से पहले बागेश्वर प्रशासन अलर्ट, आपदा तैयारियों की कसी कमान

Spread the love

बागेश्वर। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जनपद प्रशासन ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा मानसून पूर्व की गई तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून अवधि के दौरान सभी विभाग पूर्ण सतर्कता, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई की भावना के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।बैठक में जिलाधिकारी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता, संचार तंत्र की मजबूती, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा सड़क संपर्क को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। सड़क निर्माणदायी संस्थाओं को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में जेसीबी मशीनें और अन्य संसाधन तैनात रखने तथा मशीन ऑपरेटरों की अद्यतन संपर्क सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया, जिससे आपदा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव हो सके।जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए नालियों और कलमटों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को संभावित प्रसव वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी को संभावित आपदा प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में आगामी छह माह के लिए खाद्यान्न एवं आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा और बाल विकास विभाग को भी विशेष जिम्मेदारी सौंपते हुए जिलाधिकारी ने संवेदनशील विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी संवेदनशील शैक्षणिक संस्थानों का पूर्व आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में आईआरएस (Incident Response System) टीमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में कंट्रोल रूम, सैटेलाइट फोन और वायरलेस संचार प्रणाली को सक्रिय रखने तथा उपलब्ध संसाधनों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करना होगा।
बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *