गुबारा क्लीनिक में टाइप-1 मधुमेह रोगियों को मिलेगा नि:शुल्क उपचार
जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जन्म से शुगर जैसी बीमारी से जूझ रहे टाइप-1 मधुमेह रोगियों को जिला चिकित्सालय के बाद अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्तयमुनि में भी नि:शुल्क उपचार मिल पाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएचसी अगस्त्यमुनि में टाइप-1 मधुमेह रोगियों के उपचार, देखभाल व निरंतर मॉनीटरिंग के लिए “गुबारा” क्लीनिक की शुरुआत कर दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश के निर्देशन में बुधवार को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षित ममगाईं ने सीएचसी अगस्त्यमुनि में गुबारा क्लीनिक का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि गुबारा क्लीनिक के माध्यम से जन्मजात व बचपन से मधुमेह रोग टाइप-1 से ग्रसित बच्चों व युवाओं को नियमित इंसुलिन मॉनिटरिंग, इंसुलिन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के साथ-साथ गैर संचारी रोग व रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत टाइप-1 रोगियों की जांच व मधुमेह मॉनिटरिंग किट भी उपलब्ध कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में गत वर्ष नवंबर माह में गुबारा क्लीनिक की शुरूआत की गई थी। साथ ही समस्त चिकित्सा इकाईयों में मधुमेह जांच में टाइप-1 मधुमेह से ग्रसित रोगियों को जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या 04 में स्थापित गुबारा क्लीनिक में पंजीकरण हेतु रेफर किया जा रहा था। अगस्त्यमुनि में गुबारा क्लीनिक शुरू होने पर अब अगस्त्यमुनि क्षेत्र के टाइप-1 मधुमेह रोगियों को जिला चिकित्सालय नहीं आना पड़ेगा। इस अवसर पर डब्ल्यू.जे. क्लीनटन फाउंडेशन के शोएब जहीदी, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा असवाल, डॉ. प्रियांशू, सीपीएचसी कोऑर्डिनेटर विजय रावत, बीएलए बलवंत बजवाल, आशुतोष बत्र्वाल, राहुल आदि मौजूद रहे।