बेस अस्पताल को बड़ी राहत: जल्द मिलेगी मनोचिकित्सक की सेवा, ईएनटी विभाग भी होगा मजबूत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस अस्पताल में लंबे समय से महसूस की जा रही मनोचिकित्सक की कमी अब जल्द दूर होने वाली है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की स्थानांतरण एवं तैनाती प्रक्रिया के तहत अस्पताल में मनोरोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इससे अब अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रोगों का निदान और उपचार स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा।
विभाग की ओर से पीजी उपरांत मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. सुपिन यादव की राजकीय बेस अस्पताल में तैनाती की गई है। संभावना है कि वे आगामी कुछ दिनों में अस्पताल पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। उनके आने से मानसिक रोगों से जूझ रहे मरीजों को अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें बेहतर परामर्श व उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इसी क्रम में पीजी उपरांत कान-नाक-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉ. हर्षिता ढींगरा की भी बेस अस्पताल में नियुक्ति की गई है। वर्तमान में ईएनटी विभाग में डॉ. अमन अग्रवाल और डॉ. मुकेश वर्मा अपनी सेवाएं दे रहे हैं। नए विशेषज्ञ के जुड़ने से विभाग की कार्यक्षमता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में और सुधार होने की उम्मीद है। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि दोनों विशेषज्ञों के जल्द कार्यभार संभालने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अभी भी कुछ विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि मरीजों को सभी आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *