पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई चिंता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने बुधवार को राजकीय बेस चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उपचार के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा ओपीडी पर्ची काउंटर और बिल भुगतान काउंटर पर लगी लंबी कतारों का भी जायजा लिया। तीमारदारों ने बताया कि ओपीडी पर्ची काउंटर पर दो कर्मचारी तैनात हैं, जबकि बिल भुगतान काउंटर पर केवल एक कर्मचारी होने से पुरुष और महिलाओं की लंबी लाइन लग जाती है। इससे समय पर पर्ची और बिल की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती और मरीजों को चिकित्सकों को दिखाने में देरी होती है। लोगों ने बिल भुगतान काउंटर पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात करने की मांग की। सुरेंद्र सिंह नेगी ने यह मुद्दा प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. विजय सिंह के समक्ष उठाया। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मोबाइल फोन पर वार्ता कर अस्पताल की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बेस चिकित्सालय में स्वीकृत चिकित्सकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अतिरिक्त बिल भुगतान काउंटर शुरू करने, प्रस्तावित बर्न यूनिट की स्थापना तथा लंबे समय से बंद पड़े आईसीयू को पुन: संचालित करने की मांग की। इस अवसर पर हिमांशु बहुखंडी, अंकुश घिल्डियाल, शुभम सुयाल, भास्कर प्रजापति, राजा आर्य, अमित राज सिंह, मनदीप, नीरज बहुगुणा और पार्षद सूरज प्रसाद कांति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *