बेस अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन खराब, मरीज परेशान

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल श्रीकोट की सीटी स्कैन मशीन पिछले तीन दिनों से खराब पड़ी है, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को यहां आकर लौटना पड़ रहा है। आपातकालीन और गंभीर मरीजों की जांच के लिए यहां पर कोई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है, जिससे मरीजों को ऋषिकेश एवं देहरादून के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
बेस अस्पताल पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी जनपद के सैकड़ों लोगों के लिए प्रमुख उपचार केंद्र है। ऐसे में सीटी स्कैन मशीन बंद होने से सिर की चोट, ब्रेन स्ट्रोक, सड़क दुर्घटना और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों का समय पर परीक्षण नहीं हो पा रहा है। इससे मरीजों के इलाज में अनावश्यक देरी हो रही है। स्थानीय लोगों एवं तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन के खराब होने की समस्या कई बार आ जाती है। इसका खामियाजा मरीजों को झेलना पड़ता है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से सीटी स्कैन मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराने, वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित करने की मांग की। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत ने बताया कि मशीन ठीक कराने के लिए टेक्निशियन बुलाए गए हैं। जल्द मशीन ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *