कर्मचारियों के हितों की पैरवी करने कुलपति से मिले बेहड़

Spread the love

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने सोमवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कार्यालय सभागार-2 में कुलपति डॉ. एसके कश्यप से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर दो ज्ञापन सौंपे। उन्होंने विश्वविद्यालय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, कार्यप्रभारित, नियमित एवं ठेका कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। विधायक बेहड़ ने वर्षों से सेवा दे रहे दैनिक वेतनभोगी और कार्यप्रभारित कर्मचारियों के नियमितीकरण के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कार्यरत कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर असमंजस में हैं, इसलिए उनके हित में संवेदनशील निर्णय लिया जाना आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने भूरारानी और भूरारानी मटकोटा क्षेत्र में विश्वविद्यालय की भूमि पर कर्मचारियों के लिए आवासीय कॉलोनी विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। बेहड़ ने कहा कि कई कर्मचारी वर्षों से आवासीय सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों को आवास उपलब्ध होने से उनकी कार्यक्षमता और संस्थान के प्रति जुड़ाव दोनों बढ़ेंगे। कुलपति डॉ. कश्यप ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन कर्मचारियों और शिक्षकों के हितों के प्रति संवेदनशील है और सभी मांगों पर नियमों व शासन के प्रावधानों के अनुरूप विचार किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों की वैध मांगों के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास, कर्मचारियों की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *