रुद्रपुर। पत्नी को मायके से लेने आए दामाद ने विवाद के बाद ससुर, साले और साली पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, वार्ड-18 सिरौली निवासी उस्मान पुत्र इब्राहिम ने अपनी पुत्री शब्बो का निकाह चार वर्ष पूर्व फरीदपुर, बरेली यूपी निवासी युवक से किया था। बताया जा रहा है कि पहले तीन तलाक के मामले के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन दोबारा विवाद होने पर शब्बो पिछले तीन माह से अपने मायके में रह रही थी। शनिवार को दामाद पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था, लेकिन मायके पक्ष ने उसे अपने माता-पिता के साथ आने को कहा। रविवार को वह बिना माता-पिता के पहुंच गया। इस पर ससुराल वालों ने बेटी के सुरक्षित भविष्य को लेकर उसके रिश्तेदारों से गारंटी देने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर सोमवार को दामाद ने ससुर उस्मान, साले जीशान और साली बानो पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उस्मान के हाथ की एक उंगली कट गई, जबकि जीशान और बानो भी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलभट्टा थाने के एसआई धीरज वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।