उत्तराखंड

बेहड़ ने भाजपा में जाने की अटकलों को बताया अफवाह

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने भाजपा में जाने की अटकलों को नकारते हुए इसे कोरी अफवाह बताया। कहा कि वह किसी पार्टी में नहीं जा रहे हैं। वह जनता के बीच रहते हुए किच्छा विधानसभा में विकास के लिए कार्य करेंगे। सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद बेहड़ ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीति में अभी से तड़फने लगे हैं। अभी पूरे पांच साल बाकी है। जिनकी सरकार हो, उन्हें इतनी जल्दी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। राजनीति में हार जीत चलती रहती है। उन्होंने भी दो बार चुनाव हार कर दस साल संयम से गुजारे हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी भी संयम से रहें। उनकी सरकार है, उसका दुरुपयोग करने के बजाय सदुपयोग करें। किच्छा में सत्ता का दुरुपयोग हो रहा है। इसमें अधिकारी भी लिप्त है। बेहड़ ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह सारे मामले विधानसभा में उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता गुलशन सिंधी के साथ हुई मारपीट के मामले में वह मुख्यमंत्री से मिलेंगे। वह इस मामले को प्राथमिकता के साथ विधानसभा में उठाएंगे। भाजपा में जाने के आरोपों का खंडन करते हुए बेहड़ ने कहा कि वह किसी दल में नहीं जा रहे हैं। अस्वस्थ्य होने कारण वह चुनाव के बाद जनता से नहीं मिल पा रहे थे। अब वह स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद जनता के बीच आ गए हैं। सोमवार को उन्होंने जनता दरबार में बिजली, नाली, पानी इत्यादि की समस्याओं को सुना है। इससे लगता है कि किच्छा विधानसभा में विकास सबसे बड़ा मुद्दा है। इसे मुद्दे को वह प्राथमिकता के साथ लेकर कार्य करेंगे। चुनाव जिताने के लिए उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनका जनता दर्शन कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार को चलता रहेगा।
जनता दर्शन कार्यक्रम में विधायक ने सुनी समस्याएं
किच्छा। विधायक बेहड़ ने आवास विकास स्थित कार्यालय पर जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। जिसमें लोग राशन कार्ड, नाली निर्माण, पेयजल समस्या, विधवा, विकलांग, वृद्घा पेंशन, चिकित्सा संबधी समस्या लेकर पहुंचे। बेहड़ ने समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का भरोसा दिया एवं अधिकांश समस्याओं का संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समाधान किया। बेहड़ ने कहा कि राशन कार्ड, विधवा, वृद्घा, विकलांग पेंशन व चिकित्सा जैसी सुविधाओं से पात्र लोग वंचित हैं। लोगों की मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान नगरपालिका चेयरमैन दर्शन कोली, भूपेंद्र चौधरी, रामबाबू, रमेश तिवारी, हाजी सरवर यार खान, सईदुल रहमान, नजाकत खान, सुनीता कश्यप, ओम प्रकाश दुआ, लियाकत अली, पुनीत यादव, परमजीत सिंह पम्मी, जीवन जोशी, अक्षय बावा,जगरूप सिंह गोल्डी, सुधा जोशी, ताहिर मालिक आदि थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!