भूस्खलन से हरबर्टपुर-यमुनोत्री हाईवे बाधित

Spread the love

उत्तरकाशी। सारीगाड-कंडारी मोटर मार्ग पर रविवार दोपहर एक बार फिर भारी भूस्खलन होने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा गिरने के कारण कंडारी मोटर मार्ग के साथ ही उसके ठीक नीचे से गुजर रहा हरबर्टपुर-यमुनोत्री हाईवे भी बाधित हो गया। हाईवे पर मार्ग बंद होने से दर्जनों वाहन जाम में फंस गए।
सारीगाड-कंडारी मोटर मार्ग पर भूस्खलन जोन लगातार आफत बना हुआ है। यहां हर दूसरे-तीसरे दिन पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। रविवार को दोपहर में अचानक हुए भूस्खलन के बाद कंडारी मार्ग पूरी तरह आवाजाही के लिए बंद हो गया। मलबा हाईवे तक पहुंचने से हरबर्टपुर-यमुनोत्री हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंची और मार्ग खोलने का काम शुरू किया। मार्ग बंद होने से कंडारी क्षेत्र के करीब 27 गांवों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ग्रामीणों को आवागमन के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण जनपद की छह ग्रामीण सड़कें पिछले दो दिनों से जगह-जगह बाधित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *