बिग ब्रेकिंग

भाजयुमो के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बंगाल में बवाल, पुलिस लाठीचार्ज में 1500 कार्यकर्ता घायल

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

कोलकाता ,एजेंसी । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से गुरुवार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी समेत सात सूत्री मुद्दों को लेकर बंगाल की ममता सरकार के विरोध में राज्य सचिवालय नवान्न चलो अभियान के दौरान राजधानी कोलकाता व आसपास का इलाका दिनभर रणक्षेत्र बना रहा। हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग हिस्सों से रैलियां लेकर नवान्न की तरफ बढ़े लेकिन पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी और पहले ही जगह-जगह बैरिकेड लगा दिए गए थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगह बैरिकेड को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की जिसको लेकर पुलिस के साथ जमकर भिड़ंत हुई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसाईं। उनके ऊपर वटर कैनन छोड़े गए एवं आंसू गैस के गोले भी दागे।भाजपा का दावा है कि पुलिस की कार्रवाई में उसके 1500 से ज्यादा नेता व कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वहीं, इस कार्रवाई में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, प्रदेश उपाध्यक्ष राजू बनर्जी सहित कुछ प्रमुख नेता भी जख्मी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर पुलिस पर भी पत्थरबाजी की खबर है।
इधर, भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्रवाई को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि बंगाल की समृद्घ महिमा को बचाने के लिए भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। ममता दीदी अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल कर रही हैं, इसके बावजूद हम बंगाल के लोगों के साथ खड़े हैं। आज हमारे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें सचिवालय बंद करने पर मजबूर कर दिया। इससे साफ होता है कि ममता सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है। दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से बंगाल के तानाशाही और हिंसक शासन के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया है। जिसमें ममता सरकार की हार तय है।
इधर, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की घटना को बर्बरतापूर्ण आचरण बताते हुए इसकी कड़ी भर्त्सना की। उन्होंने इसको लेकर दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी द्वारा बताया गया कि अब तक 115 भाजपा कायकर्ता बंगाल में राजनीतिक हिंसा का शिकार हुए हैं जिसमें पुलिस द्वारा कोई प्रमाणिक कार्रवाई नहीं हुई। आज के मार्च में लगभग एक लाख लोग थे। हमारे तकरीबन 1500 कार्यकर्ता इसमें घायल हुए हैं। भाजपा इस बर्बरतापूर्ण आचरण की भर्त्सना करती है। हम बहुत ही विनम्रता से ये कहना चाहते हैं ममता जी और टीएमसी को कि अगर आपको लगता है कि लाठी से और पुलिसिया दमन से आप भाजपा के विस्तार को बंगाल में रोक लेंगी तो आप इसमें सफल नहीं होंगी। दूसरी ओर, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बंगाल के इतिहास का सबसे काला दिन है। उन्होंने कहा कि बंगाल में अगले साल जबतक भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बन जाती उनका आंदोलन जारी रहेगा। सूर्या ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने वाटर कैनन की जगह भाजपा कार्यकर्ताओं पर केमिकल का छिड़काव किया। उन्होंने राज्य व केंद्र सरकार से इसकी जांच की मांग की।
हालांकि राज्य के मुख्य सचिव ने केमिकल के छिड़काव के आरोपों को खारिज किया है। भाजपा ने 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने का भी दावा किया है।
भाजपा के इस नवान्ना चलो आंदोलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रय समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता सड़क पर हैं। भाजपा सांसद लकेट चटर्जी ने कहा कि पुलिस हमारे लोगों पर लाठीचार्ज कर रही है। कोलकाता के खिदिरपुर की तरफ एक विशेष समुदाय की तरफ से कार्यकर्ताओं पर पथराव किया जा रहा है। क्या पुलिस उसे नहीं देख सकती? वहीं पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल सरकार के भीतर डर है। इस कारण वह विरोध के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकारों को भी नकारने में लगी है। राज्य सचिवालय नवान्न को भी बंद कर दिया गया है। गौरतलब है कि नवान्न चलो आंदोलन को देखते हुए राज्य सरकार ने सुबह में अचानक राज्य सचिवालय नवान्न को सैनिटाइज करने के लिए 2 दिन तक बंद करने की घोषणा कर दी। इस बात से भाजपा कार्यकर्ता और उग्र हो गए।
भाजपा के नवान्न चलो आंदोलन के चलते राज्य सरकार ने गुरुवार सुबह में 2 दिनों के लिए राज्य सचिवालय नवान्न को बंद करने की अचानक घोषणा कर दी। हालांकि सचिवालय को बंद करने के पीटे राज्य सरकार ने सैनिटेशन का काम होना बताया है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा के आंदोलन से ममता सरकार डर गई। इसीलिए अचानक राज्य सचिवालय बंद कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और नेता पुलिस लाठीचार्ज के बाद फिर से सड़क पर डट गए हैं।
पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने की आगजनी, जलाए टायर
बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हालिया हिंसा के खिलाफ निकाली गई रैली के दौरान राजधानी कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में जमकर भिड़ंत हो गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसाईं। उनके ऊपर वटर कैनन व आंसू गैस छोड़े गए, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इधर, पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा और सड़कों पर जमकर आगजनी भी की। इन लोगों ने विभिन्न जगहों पर गाड़ियों के टायर जलाए।
कोलकाता से तीन व हावड़ा से निकाली जा रही हैं एक रैलियां
नवान्न चलो आंदोलन को लेकर भाजपा की तरफ से चार प्रमुख रैलियां निकाली जा रही हैं। चार रैलियों में से तीन रैलियां अकेले कोलकाता में निकाली जा रही हैं। एक रैली हावड़ा के शिवपुर से सचिवालय तक निकल रही है। हालांकि पुलिस ने इसको रोक दिया है। इसी को लेकर जमकर बवाल हो रहा है।
चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा
किसी भी घटना से बचने के लिए राज्य सरकार ने जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया है। चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।वटर कैनन की गाड़ियां लगाई गईं हैं। बंगाल सरकार ने पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!