देहरादून()। भाजपा महानगर देहरादून के कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर में शनिवार को कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि कांग्रेस चंपावत प्रकरण में भ्रामक राजनीति कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब जनता से जुड़े कोई ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल असत्य तथ्यों के सहारे राजनीतिक माहौल को दूषित करने और प्रदेश के विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी। भाजपाइयों ने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। कार्यकर्ताओं ने जनता से भी अपील की कि वे विपक्षी दलों के भ्रामक प्रचार और झूठी राजनीति से सतर्क रहें। प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे कांग्रेस की जनविरोधी राजनीति का ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। प्रदर्शन के दौरान महानगर मीडिया प्रभारी अक्षत जैन, महानगर महामंत्री रत्नेश ध्यानी, सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष पुनीत त्यागी, राजकुमार तिवाड़ी, मीरा कठैत, मंत्री विमल उनियाल, संदीप मुखर्जी, मनीष पाल और मंडल अध्यक्ष अनिल डबराल आदि मौजूद रहे।