देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) कार्यालय के नव-नवीनीकृत परिसर का उद्घाटन किया। उनके विशेष प्रयासों से कार्यालय का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप रिनोवेशन कराया गया है, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, तकनीक-सक्षम और प्रभावी बन सकेगी।
नवीनीकरण कार्य के अंतर्गत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित समस्त तकनीकी एवं स्टाफ ऑपरेटरों के लिए बेहतर कार्यस्थल, आधुनिक संसाधन और आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में अधिक सहूलियत मिलेगी और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि एनआईसी शासन और प्रशासन की डिजिटल व्यवस्थाओं की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके सुदृढ़ीकरण से ई-गवर्नेंस गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विभिन्न विभागों के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगे। उन्होंने विशेष रूप से निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के सफल संचालन में इस व्यवस्था को उपयोगी बताया।
एनआईसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवीन सुविधाओं से कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और डिजिटल सेवाएं अधिक पारदर्शिता व दक्षता के साथ जनता तक पहुंचेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम सदर कुमकुम जोशी, एनआईसी राज्य इकाई प्रमुख अरविंद कुमार दाधीचि, अपर राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी राजीव जोशी, वरिष्ठ निदेशक आईटी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डे, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप्ति चमोली तथा अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।