बागेश्वर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर के तत्वावधान में शनिवार को जिला न्यायालय परिसर एवं बाह्य न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिला जज श्री पंकज तोमर की अध्यक्षता वाली बेंच संख्या-01 में पारिवारिक विवाद से संबंधित एक वाद का निस्तारण किया गया। वहीं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप कुमार तिवारी की अध्यक्षता वाली बेंच संख्या-02 में एनआई एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम तथा फौजदारी मामलों से जुड़े कुल 58 वादों का निस्तारण करते हुए लगभग 9 लाख 5 हजार 400 रुपये के समझौते संपन्न कराए गए।
इसके अतिरिक्त सिविल जज (सीडी) श्री योगेन्द्र कुमार सागर की बेंच संख्या-03 में एनआई एक्ट एवं मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित आठ मामलों का निस्तारण करते हुए 2 लाख 83 हजार 500 रुपये का समझौता कराया गया। इसी बेंच में बैंक ऋण वसूली से संबंधित प्री-लिटिगेशन के 30 मामलों का निस्तारण कर 26 लाख 15 हजार 185 रुपये के समझौते भी संपन्न हुए।राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण न्याय व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में यह आयोजन अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं तथा संबंधित पक्षकारों की सक्रिय सहभागिता रही।