देहरादून में दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष

Spread the love

देहरादून, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के दशहरा ग्राउंड में शनिवार शाम दो दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। मुजफ्फरनगर से घूमने आए एक युवक ने अपने ही साथी के पेट में किसी नुकीली वस्तु से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम थाना प्रेमनगर को सूचना मिली कि दशहरा ग्राउंड में एक युवक के पेट में नुकीली चीज से वार कर उसे घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल की पहचान कृष्णा मलिक (25) निवासी ग्राम कज्जीखेड़ा, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
घायल के साथी नितिन ने पुलिस को बताया कि कृष्णा मलिक और उसका मित्र शिवानंद उर्फ शिवा, निवासी सिसोली, मुजफ्फरनगर, शनिवार को घूमने के लिए देहरादून आए थे। शाम करीब छह बजे दोनों दशहरा ग्राउंड प्रेमनगर पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान शिवानंद उर्फ शिवा ने किसी नुकीली चीज से कृष्णा मलिक के पेट पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल घायल की हालत स्थिर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *