नई टिहरी। उत्तराखंड क्रांति दल की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। दल के जिलाध्यक्ष डीडी पंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से परेशान होकर तीसरे विकल्प के रूप में यूकेडी को देख रही है।
बौराड़ी पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष डीडी पंत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में यूकेडी की अहम भूमिका रही है। लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने जनता से झूठे वादे कर सत्ता में काबिज हुई है। इसका खामियाजा आज उत्तराखंड के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन और रोजगार पर डाका डाला जा रहा है।
कहा कि बौर गांव और रामगांव का ताजा मामला है, एक तरफ सरकार यहां भू-कानून लागू करने का ढ़ोंग कर रही है, दूसरी तरफ अपने आकाओं को खुश करने के लिए पंचायती जमीन की नीलामी के नाम पर गांव वालों की जमीन भूमाफियाओं को देने का षडयंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब अपने संसाधनों की लूट और नहीं होने देंगी।