अलकनंदा में मिले शव का खुलासा: क्षेत्र पंचायत सदस्य ने की थी हत्या

Spread the love

चमोली। नदी से मिले एक शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले व्यक्ति की हत्या की। जिसके बाद उसे हाथ-पैर बांधकर गाड़ी में रखकर नदी में फेंक दिया। साथ ही उसका सामान और मोबाइल फोन भी नदी में फेंक दिया। आरोपी व्यक्ति क्षेत्र पंचायत सदस्य भी है। बृहस्पतिवार को चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कोतवाली में प्रेस वार्ता आयोजित की। एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि 10 मार्च को लंगासू में अलकनंदा नदी के किनारे स्थानीय लोगों को एक शव दिखाई दिया। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखा। 24 मार्च को मृतक की पत्नी ने कोतवाली में हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति के फोन पर कॉल डिटेल निकाली। तो उसका अंतिम लोकेशन नंदप्रयाग पाया गया। जांच में पुलिस को पता लगा कि मृतक वहां एक ढाबे में काम करता था। आरोपी नरेंद्र तोपाल ने मृतक से जनवरी माह में 10 हजार रुपये उधार लिए थे। मृतक शराब का सेवन करने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर उसे उधारी के लिए अपशब्द कहकर अपमानित करता था। ऐसे में मृतक को सबक सिखाने के लिए उसने 16 फरवरी को उसकी हत्या कर दी। और उसके शव को अपनी गाड़ी में रखकर झूलाबगड़ वाले पुल से अलकनंदा नदी में फेंक दिया था। पुलिस के खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल की ओर से पुलिस टीम को 5 हजार रुपये पुरस्कार दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *